-वृक्ष नहीं, विरासत लगा रहे हैं हम: संतोष कुमार
-ब्लैक मैंगो का पौधारोपण कर छात्रों को दी पर्यावरण संरक्षण की सीख
जमालपुर | 26 जून 2025
सरस्वती शिशु मंदिर, मुंगेरपथ में गुरुवार को लायंस क्लब ऑफ जमालपुर आदर्श के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरस्वती विद्या मंदिर, दौलतपुर, जमालपुर के उपप्रधानाचार्य संतोष कुमार ने की। इस अवसर पर ब्लैक मैंगो जैसे दुर्लभ व औषधीय गुणों से युक्त पौधे का रोपण कर पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
संतोष कुमार ने कहा, “हम केवल वृक्ष नहीं, एक हरित विरासत लगा रहे हैं। विद्यालयों को शिक्षा के साथ-साथ प्रकृति के संरक्षण का केंद्र बनाना होगा। बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना जगाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।”
लायंस क्लब के जिला चेयरपर्सन लायन रतन कुमार घोष ने वृक्षारोपण को एक जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा, “पौधा लगाना जितना ज़रूरी है, उतना ही आवश्यक उसका पालन-पोषण भी है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि आज लगाया गया पौधा कल एक छायादार वृक्ष बने।”

दूसरे जिला चेयरपर्सन लायन उमेश सिंह ने कहा, “विद्यालय परिसर में ऐसे कार्यक्रम छात्रों को पर्यावरण से जोड़ते हैं। जब बच्चा खुद पौधा लगाता है और उसकी देखभाल करता है, तभी वह सच्चा प्रकृति रक्षक बनता है।”
कार्यक्रम में विद्यालय के कोषाध्यक्ष सुधीर सिंह ने लायंस क्लब के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि “इस तरह की पहल छात्रों में प्रकृति के प्रति संवेदना विकसित करती है, जिसे हर विद्यालय में अपनाया जाना चाहिए।”
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष लायन शिवलाल रजक, पूर्व सचिव लायन राजेश कुमार, लायन डॉ. सुमन राजा, क्लब सदस्या सोनी राजा, बाबू चौधरी, विनोद उपाध्याय, समाजसेवी श्रीमती पिंकी पांडेय, अरुण पांडेय, सरस्वती विद्या मंदिर, नयागांव, जमालपुर के सचिव दिलीप पासवान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल के संकल्प के साथ हुआ।












