-विक्रमशिला सेतु पूरी तरह सुरक्षित, छोटे वाहनों का परिचालन रहेगा जारी : प्रशासन
भागलपुर, 10 जून। विक्रमशिला सेतु के एक्सपेंशन ज्वाइंट में गैप बढ़ने की खबरों के बीच जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि सेतु पर छोटे वाहनों का परिचालन पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध रूप से जारी रहेगा। विभागीय जांच में किसी नए खतरे या गैप बढ़ने की पुष्टि नहीं हुई है।
पथ निर्माण विभाग के प्रबंध निदेशक द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गत 3 मई 2026 की मध्यरात्रि को विक्रमशिला सेतु के P2-P3 स्पैन का 34 मीटर लंबा सस्पेंडेड हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद विभाग के निर्देश पर सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम ने क्षतिग्रस्त हिस्से पर बेली ब्रिज का निर्माण कराया। आईआईटी पटना की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर चार स्थानों—V5-P1, P1-P2, P2-P3 और P3-P4 स्पैन पर बेली ब्रिज स्थापित किए गए।
निर्माण कार्य के दौरान किए गए निरीक्षण में भागलपुर की ओर एक्सपेंशन ज्वाइंट का गैप औसतन 90 से 100 मिलीमीटर तथा नवगछिया की ओर 40 से 50 मिलीमीटर पाया गया था।

बुधवार को विभिन्न प्रिंट और डिजिटल मीडिया में गैप बढ़ने की खबरें सामने आने के बाद विभाग ने तत्काल ड्रोन कैमरे से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई। साथ ही मौके पर मौजूद अभियंताओं द्वारा दोबारा मापी भी की गई। जांच में पाया गया कि भागलपुर और नवगछिया दोनों ओर गैप की स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है और इसमें कोई वृद्धि नहीं हुई है।
पथ निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान स्थिति में विक्रमशिला सेतु पर हल्के वाहनों का आवागमन सुरक्षित है तथा उनका परिचालन सामान्य रूप से जारी रखा जा सकता है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
यह जानकारी संयुक्त निदेशक जनसंपर्क, भागलपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।











