Advertisement

राजापाकर में सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत, एक गंभीर

-राजापाकर में सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत, एक गंभीर

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। राजापाकर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार गौसपुर बरियारपुर पंचायत के बरियारपुर वार्ड संख्या-11 निवासी चूल्हा भगत उर्फ राहुल कुमार, पिता संजय भगत और विक्रम कुमार, पिता रुदल पासवान, उम्र करीब 27 वर्ष, बाइक से चकसिकंदर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बखरी बड़ाई स्थित घाघरा नदी पर बने पुल के पास एक वाहन को ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे तार के पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई।


हादसे में विक्रम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल राहुल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया, लेकिन परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे निजी अस्पताल लेकर चले गए।
बताया गया कि मृतक विक्रम कुमार शादीशुदा था और उसके एक बेटा तथा एक बेटी है। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वहीं, घायल राहुल कुमार अभी पढ़ाई कर रहा है।
घटना की सूचना पर अपर थानाध्यक्ष संदीप मंडल मौके पर पहुंचे और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।