-मोतिहारी में बंद चीनी मिल फिर होगी शुरू, बरियारपुर में बनेगा मेडिकल कॉलेज; CM सम्राट चौधरी ने की कई बड़ी घोषणाएं
पटना। दीपक कुमार तिवारी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को बिहार के मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित बापूधाम महोत्सव का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। तीन सितंबर तक चलने वाले इस महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्वी चंपारण जिले के विकास के लिए करीब 285 करोड़ रुपये की लागत वाली 145 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने मोतिहारी की बंद पड़ी चीनी मिल को पुनः शुरू करने की दिशा में शीघ्र कार्य प्रारंभ करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। पहले पीपराकोठी में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय अब आम जनता की मांग पर बरियारपुर में बनाया जाएगा। नेहरू स्टेडियम में वर्तमान में संचालित केंद्रीय विद्यालय की जगह इंडोर स्टेडियम विकसित किया जाएगा।
मोतिहारी में मत्स्य समृद्धि क्लस्टर और फिश प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण शीघ्र शुरू करने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की। तेतरिया प्रखंड के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क बनाया जाएगा। इसके अलावा मोतिहारी में अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा, जिससे कला एवं संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। शहर में संचालित मदर डेयरी से भी बड़ी मदर डेयरी स्थापित करने की योजना पर काम किया जाएगा।
शहर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए मोतीझील के किनारे रोईंग क्लब से पावर हाउस, चीनी मिल, शिव मंदिर, अनाथ आश्रम होते हुए चिकनीघाट-अगरवा तक सड़क एवं नाला निर्माण कराया जाएगा। इसे मरीन ड्राइव के रूप में विकसित करने की योजना है। अरेराज मंदिर तक जाने वाली प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण भी कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय यानी एनएसडी के नए कैंपस की स्थापना को केंद्र सरकार की सहमति मिल गई है। इसके लिए बिहार सरकार उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराएगी और भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश वहन करेगी। उन्होंने कहा कि एनएसडी कैंपस बनने से बिहार के युवा कलाकारों को राज्य में ही पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट और शोध के बेहतर अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। विभिन्न विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने आम लोगों और आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के अंदर अनिवार्य रूप से निष्पादन करने का निर्देश दिया। इस दौरान अभियान बसेरा के तहत लाभुकों को सरकारी भूमि का बासगीत पर्चा और मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। वहीं 9,214 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से आर्थिक सहयोग के लिए 211 करोड़ रुपये की सांकेतिक राशि जीविका दीदियों को प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग कार्यक्रम के माध्यम से अब तक करीब सात लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 96 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बिहार में एक करोड़ पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य है और पिछले दो महीनों में ही 35 लाख लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। वर्ष 2030 के चुनाव से पहले एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। मछली उत्पादन बढ़ाने के लिए उत्तर बिहार में व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी एक करोड़ 81 लाख महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएचडी करने वाली छात्राओं को चार वर्षों तक प्रतिमाह 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं, जहां ऑनलाइन शिक्षकों की सुविधा के साथ जेईई और नीट की तैयारी की व्यवस्था भी की जा रही है। आजादी के बाद अब तक बिहार में 278 डिग्री कॉलेज थे, जबकि राज्य सरकार ने 15 जुलाई 2026 को एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन शुरू कराया है।
मोतिहारी की सड़कों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं कीं। मोतिहारी-तुरकौलिया-गोविंदगंज पथ में रघुनाथपुर पुल से बालगंगा तक 3.2 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। पीपरा एनएच-27 से राजपुर चौक भाया कल्याणपुर 17 किलोमीटर सड़क तथा शीतलपुर से रमडीहा भाया निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कराया जाएगा। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से फायरिंग रेंज के पीछे होते हुए धनौती नदी के लेफ्ट बैंक पर मजुराहों में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय आरसीसी पुल के पहुंच पथ तक सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर और रक्सौल में एयरपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं। रक्सौल में जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है। मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जाएगा। चिरैया में एथलेटिक्स ट्रैक, लक्ष्मी नारायण दूबे कॉलेज का जीर्णोद्धार तथा मुंशी सिंह महाविद्यालय में खेल संरचना का विकास कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने चंपारण के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने यहां किसानों को नील की खेती और अंग्रेजों के अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था। बापूधाम महोत्सव इसी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और सांसद राधा मोहन सिंह ने भी संबोधित किया। मौके पर पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, जिले के विधायक एवं विधान पार्षद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम लोग मौजूद रहे।












