-मुजफ्फरपुर में नकाबपोश बदमाशों का तांडव, लूटपाट के दौरान युवक को मारी गोली; 6 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। जिले में सोमवार की रात तीन नकाबपोश अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। केटीएम बाइक पर सवार बदमाशों ने एक के बाद एक लूट की वारदातों को अंजाम दिया, फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी और विरोध करने वालों को निशाना बनाया। इसी दौरान मुरौल ओपी क्षेत्र के मोहम्मदपुर निवासी राजीव रंजन को अपराधियों ने गोली मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि समय पर इलाज मिलने से उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर पुलिस हरकत में आ गई। वरीय पुलिस अधीक्षक कांतिश कुमार मिश्रा के निर्देश पर एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया। अपराधियों के संभावित भागने वाले रास्तों की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि वारदात के महज छह घंटे के भीतर घटना में प्रयुक्त केटीएम बाइक बरामद कर ली गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क और अन्य आपराधिक घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 10 बजे केटीएम बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने सबसे पहले मुरौल ओपी क्षेत्र में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की। वारदात के बाद बदमाश मुसहरी थाना क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने एक अन्य व्यक्ति को निशाना बनाकर लूटपाट की और वहां भी गोलीबारी कर इलाके में भय का माहौल बनाने का प्रयास किया।
दो-दो घटनाओं को अंजाम देने के बाद भी अपराधियों का मनोबल कम नहीं हुआ। इसी दौरान मुजफ्फरपुर-पूसा मुख्य मार्ग से अपने घर लौट रहे राजीव रंजन उनकी नजर में आ गए। आरोप है कि बदमाशों ने बिना किसी उकसावे के उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि तीसरे फरार अपराधी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इस कार्रवाई से पुलिस ने अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।












