-मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े डॉक्टर से चार लाख की सोने की चेन झपटी, हेलमेट पहने बदमाश बाइक से फरार
मुजफ्फरपुर। शहर में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक डॉक्टर को निशाना बनाकर करीब चार लाख रुपये की सोने की चेन झपट ली। जिम से क्लिनिक जा रहे डॉक्टर को बदमाशों ने कुछ समझने का मौका तक नहीं दिया। हेलमेट पहने बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा।
घटना ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के इमलीचट्टी इलाके की बताई जा रही है। डॉक्टर प्रमोद कुमार ने पुलिस को बताया कि वह जिम से निकलकर अपनी क्लिनिक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था।

बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने अचानक डॉक्टर के गले से सोने की चेन झपट ली। अचानक हुई वारदात से डॉक्टर कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दोनों बदमाश बाइक लेकर तेज गति से फरार हो गए। चेन की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद ब्रह्मपुरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।












