Advertisement

मुख्यमंत्री ने 1 करोड़ 12 लाख पेंशनधारियों के खाते में 1247 करोड़ रुपये किए हस्तांतरित

-मुख्यमंत्री ने 1 करोड़ 12 लाख पेंशनधारियों के खाते में 1247 करोड़ रुपये किए हस्तांतरित

पटना, 10 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 1 करोड़ 12 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में 1247.34 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। यह राशि जुलाई माह की पेंशन के रूप में प्रत्येक लाभुक को 1100 रुपये की दर से भेजी गई है।

कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की सचिव बंदना प्रेयषी ने जानकारी दी कि विभाग मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी योग्य पेंशनधारियों को समय पर पेंशन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पेंशन संबंधी जानकारी एवं शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 18003456262 जारी किया गया है, जिस पर सोमवार से शनिवार, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर राज्य के सभी 38 जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी और लाभार्थी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा महिलाओं को हर माह की 10 तारीख को समय पर पेंशन पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जून माह से पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है। जून माह में 1 करोड़ 11 लाख लाभुकों को 1227 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई थी, जबकि जुलाई माह में लगभग 1 लाख नए लाभुक जोड़े गए हैं।

राज्य में फिलहाल 6 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं लागू हैं—

केंद्र प्रायोजित योजनाएं: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना

राज्य सरकार की योजनाएं: लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना

आज हस्तांतरित राशि का विवरण इस प्रकार है—

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना: ₹391.98 करोड़ (35,62,501 लाभुक)

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना: ₹70.17 करोड़ (6,35,553 लाभुक)

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना: ₹12.18 करोड़ (1,10,744 लाभुक)

लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना: ₹97.16 करोड़ (8,74,433 लाभुक)

बिहार निःशक्तता पेंशन योजना: ₹107.58 करोड़ (9,72,057 लाभुक)

मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना: ₹568.24 करोड़ (50,63,557 लाभुक)

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। राज्य के सभी जिलों के जनप्रतिनिधि, डीएम और लाभार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।