-भगवानपुर स्टेशन पर टिकट दलाली का खेल आया सामने
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड के भगवानपुर रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर टिकट दलाली का मामला सामने आया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन उपलब्ध के तहत कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये से अधिक मूल्य के अवैध आरक्षित टिकटों के साथ एक टिकट दलाल को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। आरपीएफ उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
आरपीएफ पोस्ट हाजीपुर के निरीक्षक प्रभारी के निर्देश पर सहायक उपनिरीक्षक चंद्रशेखर सिंह और आरक्षी धर्मेंद्र कुमार की टीम भगवानपुर स्टेशन पर जांच कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध रूप से टिकटों की खरीद-बिक्री करते मिला। तलाशी लेने पर उसके पास से 10 हजार रुपये से अधिक मूल्य के आरक्षित टिकट बरामद हुए। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान वैशाली जिले के कटहरा थाना क्षेत्र के चेहराकला वार्ड-12 निवासी मोहम्मद नुरैन (29) के रूप में हुई है। आरपीएफ के अनुसार, बरामद टिकट यात्रियों को अधिक कीमत पर बेचने के लिए रखे गए थे। पूछताछ में नुरैन ने अपने साथी चेहराकला निवासी मोहम्मद जावेद आलम (24) के बारे में जानकारी दी, जो कार्रवाई के दौरान फरार हो गया।

एक दशक से सामने आ रहे मामले
भगवानपुर स्टेशन पर टिकट दलाली का मामला नया नहीं है। करीब एक दशक से यहां समय-समय पर टिकट दलाली की शिकायतें और कार्रवाई सामने आती रही हैं। पूर्व में टिकट दलाली में कथित संलिप्तता को लेकर बुकिंग काउंटर पर तैनात रेल कर्मचारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई हो चुकी है। इसके बावजूद अवैध टिकट खरीद-बिक्री के मामले सामने आने से निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
आरपीएफ ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट दलालों के झांसे में न आएं और टिकट केवल अधिकृत रेलवे आरक्षण काउंटर या आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट से ही बुक करें।












