-बेबी कुमारी के प्रयास रंग लाए, बोचहां में केंद्रीय विद्यालय स्थापना का रास्ता साफ
मुजफ्फरपुर/बोचहां, 8 जुलाई। बोचहां विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विधायक बेबी कुमारी के लगातार प्रयासों के बाद बोचहां क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। बिहार सरकार ने मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी अंचल में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। इस निर्णय से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।
विधायक बेबी कुमारी ने इसे बोचहां की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रही है। उन्होंने इस मुद्दे को बिहार विधानसभा में प्रमुखता से उठाया तथा संबंधित विभागों के मंत्रियों और अधिकारियों को लगातार पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। लगातार प्रयासों के बाद अब सरकार की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों और अभिभावकों का सपना साकार होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय खुलने से बोचहां एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होगी। इससे शिक्षा के बेहतर अवसर बढ़ेंगे और प्रतिभाशाली बच्चों को प्रतियोगी माहौल के साथ उज्ज्वल भविष्य की दिशा मिलेगी।
विधायक ने इस निर्णय के लिए बिहार सरकार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों तथा संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूरा किया है।
बेबी कुमारी ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और बोचहां विधानसभा में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क तथा आधारभूत संरचना के विकास के लिए उनका संघर्ष आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।












