Advertisement

बाबा गरीबनाथ धाम जा रहे कांवड़िया की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार

-बाबा गरीबनाथ धाम जा रहे कांवड़िया की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार

मुजफ्फरपुर। बाबा गरीबनाथ धाम में जलाभिषेक करने जा रहे एक कांवड़िया की पारू थाना क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना गोसाईं टोला के समीप की बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और कांवड़ियों व स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
मृतक की पहचान पारू थाना क्षेत्र के गोसाईं टोला निवासी रविंद्र कुमार सिंह के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि गोलू कुमार बाबा गरीबनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए कांवड़ लेकर निकला था। वह गोसाईं टोला के समीप पहुंचा ही था कि बाइक सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और उसे निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी।
गोली लगने के बाद गोलू कुमार लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोलीबारी के बाद दोनों बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गोलू को तत्काल सरैया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। गोलू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार सुबह किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसमें युवक को धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है। इसके बाद जब गोलू कांवड़ में जल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम की ओर जा रहा था, तभी अपराधियों ने उसे गोली मार दी।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और पूर्व के विवाद को भी खंगाल रही है।