-बापू की बगिया में तैयार हो रही देशसेवा की जांबाज फौज
-जॉब के साथ राष्ट्र की सेवा का जेहन में भाव, गांधी मैदान में रोज घंटों अभ्यास में बहाते पसीना
ललितेश्वर/पटना(बिहार)। राजधानी पटना के गांधी मैदान में रोज सुबह शाम दौड़ लगाते और कठिन शारीरिक व्यायाम करतीं युवाओं की भीड़ यह बताने के लिए काफी है कि वे सिर्फ सिविल या मिलिट्री फील्ड में जॉब पाने के लिए ही अपना खून_पसीना एक नहीं कर रहे बल्कि देश और समाज के नवनिर्माण में भी भागीदारी निभाने का हौसला और जुनून उनके रग रग में भरा है। गांधी मैदान परिसर स्थित बापू की प्रतिमा के परिसर का बगीचा और प्रतिमा स्थल की सीढ़ियों पर भी उन्हें कठिन शारीरिक अभ्यास करते देखा जा सकता है। यही युवा कल देश के जांबाज प्रहरी साबित होंगे, ऐसा उनकी लगन और मेहनत को देखकर विश्वास होता है।वेकेंसी के अनुसार अग्निवीर, दारोगा, पैरा मिलिट्री, सेंट्रल पुलिस ऑफिसर, सीआरपीएफ, नेवी, एयरफोर्स, बिहार पुलिस, उत्पाद विभाग की पुलिस में भर्ती के लिए ये नौनिहाल रोजाना सुबह शाम दो दो या तीन_तीन घंटे अपने शरीर के विभिन्न अंगों के फुल फिटनेस के लिए विभिन्न व्यायाम करते हैं

।इनमें ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, दंड बैठकी, घुटनों की मजबूती के लिए सीढ़ियों पर कूदना आदि शामिल है। व्यायाम के बाद या पहले ये युवा दौड़ लगाते हैं जिसमें जॉब की सातों के अनुसार 400 मीटर, 500 मीटर 1600 मीटर से लेकर 10 किलोमीटर तक की दौड़ लगाते हैं।चूंकि अधिकांश युवा विभिन्न फिजिकल ट्रेनिंग एकेडमी से जुड़े होते है इसलिए उन्हें फिजिकल ट्रेनिंग देने के साथ उस एकेडमी के ट्रेनर खाने_पीने में एहतियात बरतने के साथ दिनचर्या में भी जरूरी सलाह देते हैं।
विदित है कि बेरोजगारी के इस युग में सिविल सर्विसेज से लेकर मिलिट्री सर्विसेज में जॉब के लिए युवकों को अपना खून_पसीना एक करना पड़ रहा है।इसका कारण एक तो शिक्षित बेरोजगारों की फौज है ही, बदली जीवनशैली, पारिवारिक सामाजिक वातावरण में आए बदलाव और महत्वाकांक्षा के साथ आत्मनिर्भर बनने का जुनून भी इन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।इसे पॉजिटिव बदलाव ही कहा जा सकता है जो स्वस्थ, विकसित और जिम्मेदार नागरिक वाले भारत के निर्माण में सहायक होगा। यह भी सच है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में होनेवाली अप्रत्याशित भीड़ के कारण ही अपनी जॉब पक्की करने के लिए युवाओं को कड़ी मेहनत और अभ्यास से गुजरना पड़ता है।












