Advertisement

पटना में वाटर मेट्रो का शुभारंभ, गंगा में अब 50 रुपये में कर सकेंगे जलयात्रा

-पटना में वाटर मेट्रो का शुभारंभ, गंगा में अब 50 रुपये में कर सकेंगे जलयात्रा

-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीघा घाट से दिखाई हरी झंडी
-50 यात्रियों की क्षमता वाला आधुनिक जलयान -अशोक राजपथ के जाम से मिलेगी राहत

पटना(दीपक कुमार तिवारी)। राजधानी पटना में गंगा नदी के रास्ते जल परिवहन और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को वाटर मेट्रो सेवा की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीघा घाट से कैटामरान वेसल (वाटर मेट्रो) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई सुविधा से पटना आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को गंगा में जलयात्रा का नया अनुभव मिलेगा। साथ ही अशोक राजपथ के ट्रैफिक जाम से राहत के लिए जल परिवहन का एक सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन विभाग की यह पहल गंगा नदी में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों को आधुनिक एवं सुविधाजनक जल परिवहन सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वाटर मेट्रो के संचालन से राजधानी में पर्यटन की संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी।


50 यात्रियों की क्षमता वाले इस आधुनिक जलयान में वातानुकूलन, उद्घोषणा प्रणाली, शौचालय, व्हीलचेयर सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह हाइब्रिड इंजन से लैस है और मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होता है। इसके संचालन से जल, वायु और ध्वनि प्रदूषण नहीं होगा। जलयान की बैटरी चार्ज करने के लिए दीघा के मीनार घाट और गांधी घाट पर फास्ट चार्जर एवं शोर चार्जर की व्यवस्था की गई है।
वाटर मेट्रो का परिचालन दीघा (मीनार घाट) से शुरू होकर गांधी घाट तक होगा। इसके बाद गांधी घाट से वापस दीघा के लिए रवाना होगा। भविष्य में इसका परिचालन कंगन घाट तक विस्तारित किया जाएगा।
वाटर मेट्रो में प्रति वयस्क यात्रा किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों का सफर मुफ्त होगा, जबकि पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित किराये का आधा भुगतान करना होगा। फिलहाल यात्री दीघा घाट स्थित काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकते हैं। जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुमार एवं संजय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।