-महाप्रबंधक से मिले 8 रेलकर्मी और उनके आश्रित, समस्याओं के त्वरित समाधान का मिला भरोसा
-पूर्व मध्य रेल के जीएम डिम्पी गर्ग ने हाजीपुर मुख्यालय में की मुलाकात
-संबंधित अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल प्रशासन रेलकर्मियों एवं उनके आश्रितों की विभागीय समस्याओं के समाधान को लेकर पहल कर रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने हाजीपुर स्थित मुख्यालय में आठ रेलकर्मियों एवं उनके आश्रितों से मुलाकात की। इस दौरान रेलकर्मियों ने अपनी विभिन्न विभागीय समस्याओं और कठिनाइयों से महाप्रबंधक को अवगत कराया।
महाप्रबंधक ने एक-एक कर सभी रेलकर्मियों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। साथ ही प्राप्त शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतों का प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करें।

महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि रेलकर्मियों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
पूर्व मध्य रेल प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य रेलकर्मियों एवं उनके आश्रितों को अपनी समस्याएं सीधे महाप्रबंधक के समक्ष रखने का अवसर देना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।












