Advertisement

बदलाव का बिगुल: भाकपा माले की ‘बदलो बिहार – बदलो सरकार’ यात्रा पहुंची गायघाट, बागमती मुद्दे समेत कई जनसरोकारों पर चर्चा

-बदलाव का बिगुल: भाकपा माले की ‘बदलो बिहार – बदलो सरकार’ यात्रा पहुंची गायघाट, बागमती मुद्दे समेत कई जनसरोकारों पर चर्चा

मुजफ्फरपुर/गायघाट | 24 जून 2025 ।

भाकपा माले द्वारा बिहार के विभिन्न जिलों में चलाई जा रही ‘बदलो बिहार – बदलो सरकार’ यात्रा के क्रम में मंगलवार को एक जनसभा गायघाट प्रखंड के कटरा मोड़, बेनीबाद में आयोजित की गई। सभा में बागमती आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ताओं समेत क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए।

जनसभा की अध्यक्षता जगन्नाथ पासवान ने की, जबकि संचालन माले नेता जितेन्द्र यादव ने किया। कार्यक्रम में सहारा इंडिया में निवेशकों की ठगी, आशा कार्यकर्ताओं की मांगों, बागमती तटबंध पर कार्य रोकने, किसानों के सवाल और स्थानीय प्रतिनिधित्व के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने गायघाट विधानसभा सीट से जितेन्द्र यादव को उम्मीदवार बनाए जाने की मांग भी की।

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला और 2025 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “बिहार में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जनता बदलाव का मन बना चुकी है।”

सभा में भाकपा माले के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें मनोज मंजिल, सूरज कुमार सिंह, मीना तिवारी, ठाकुर देवेंद्र, नवल किशोर सिंह, विनोद राय और मोनाजिर हसन प्रमुख थे। वक्ताओं ने जनता से बदलाव की इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

सभा के समापन पर बागमती क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आंदोलन को तेज करने और जन-जन तक माले की नीतियों को पहुंचाने का संकल्प लिया गया।