Advertisement

नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद मुजफ्फरपुर अलर्ट, साहेबगंज-सरैया-पारू में बढ़ाई गई निगरानी

-नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद मुजफ्फरपुर अलर्ट, साहेबगंज-सरैया-पारू में बढ़ाई गई निगरानी

मुजफ्फरपुर। नेपाल में तिब्बत सीमा से सटे क्षेत्रों में अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। गंडक नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि और फ्लैश फ्लड की आशंका को देखते हुए नदी किनारे बसे इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। साहेबगंज, सरैया और पारू प्रखंडों को विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने सरकार की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
गंडक नदी के किनारे स्थित क्षेत्रों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। साहेबगंज, सरैया और पारू में बाढ़ के संभावित असर को देखते हुए अधिकारियों को लगातार जलस्तर और स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। निचले इलाकों और नदी के आसपास रहने वाले लोगों की स्थिति की भी नियमित जानकारी लेने का निर्देश दिया गया है।
फ्लैश फ्लड की आशंका को देखते हुए जल संसाधन विभाग को तटबंधों की लगातार निगरानी करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर किसी प्रकार की परेशानी या क्षति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।


अंचल अधिकारियों को बांधों के बीच रहने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था पहले से तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। संभावित शरण स्थलों की उपलब्धता और वहां आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा करने को कहा गया है।
प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सामुदायिक रसोई, चिकित्सा शिविर और पशु चारा शिविर की व्यवस्था तैयार रखने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, पीएचईडी, पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है। साथ ही जनप्रतिनिधियों से लगातार संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सजग और तत्पर है। बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर लोगों की जान-माल की सुरक्षा और समय पर राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, मुजफ्फरपुर के दूरभाष नंबर 0621-2212007 पर संपर्क किया जा सकता है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र, आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार सरकार, पटना के हेल्पलाइन नंबर 0612-2294204/205 तथा आपातकालीन सहायता नंबर 1070 पर भी सहायता ली जा सकती है।