-दीपावली पर मुजफ्फरपुर में अगलगी की 22 घटनाएं, करोड़ों की संपत्ति राख;
-दो मवेशियों की मौत -गृहस्वामी झुलसे
-दमकल की पांच गाड़ियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद कबाड़ गोदाम की आग पर पाया काबू -न्यायिक अधिकारी के आवास से लेकर दुकानों तक मची तबाही
मुजफ्फरपुर। दीपावली पर आतिशबाजी और थोड़ी सी लापरवाही मुजफ्फरपुर जिले में भारी नुकसान का कारण बनी। पटाखों की चिंगारी और दीप जलाने में असावधानी के कारण जिले में छोटी-बड़ी कुल 22 जगहों पर अगलगी की घटनाएं हुईं। इन घटनाओं में करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। वहीं, दो मवेशियों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मोतीपुर में हुई अगलगी से एक पशुपालक परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
अगलगी की लगातार घटनाओं के कारण अग्निशमन विभाग की टीम को पूरी रात घटनास्थलों पर दौड़ लगानी पड़ी। शहर में न्यायिक अधिकारी के आवास, आभूषण दुकान, झाड़ू-नारियल की दुकान और कबाड़ गोदाम समेत कई जगहों पर आग लगने से अफरातफरी मची रही।
सिविल कोर्ट के समीप स्थित एक न्यायिक अधिकारी के आवास में भी आग लग गई। इस घटना में कुर्सी, टेबल, सोफा समेत अन्य घरेलू सामग्री जलकर नष्ट हो गई। वहीं, गोला रोड में डीएन हाईस्कूल के समीप झाड़ू और नारियल की दुकान में सोमवार की अलसुबह करीब पांच बजे आग लग गई। आग की चपेट में आने से गृहस्वामी सुमित कुमार झुलस गए।

दुकान से उठती आग की लपटों और चिंगारियों ने आसपास के लोगों की चिंता बढ़ा दी। समीप में पटाखों का गोदाम होने के कारण बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इससे पहले रविवार की शाम ब्रह्मपुरा थाना के समीप एक आभूषण दुकान में आग लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान सामान्य दिनों में बंद रहती है। दीपावली के दिन दुकानदार ने दुकान खोलकर पूजा-अर्चना की और फिर घर चला गया। इसके बाद दुकान के सोफा में आग लग गई। आशंका जताई गई कि पूजा के दौरान जलाए गए दीप से आग लगी होगी।
मझौलिया में विपिन के कबाड़ गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इसमें लाखों रुपये का कबाड़ जलकर राख हो गया। आग की भयावहता को देखते हुए अग्निशमन विभाग की पांच गाड़ियों को लगाया गया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कबाड़ में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण लगातार चिंगारियां निकल रही थीं।
आग आसपास के घरों तक फैलने की आशंका से स्थानीय लोग भी सतर्क रहे। लोगों ने अपने-अपने घरों की छतों पर पानी जमा कर रखा था, ताकि आग की चिंगारी से मकानों को नुकसान नहीं पहुंचे। इस दौरान आसपास के लोग पूरी रात दहशत में रहे।
दीपावली की रात जब शहर के अधिकांश लोग घरों में त्योहार मना रहे थे, तब अग्निशमन विभाग के कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे। मुजफ्फरपुर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी आरएन पांडेय अपनी टीम के साथ विभिन्न घटनास्थलों पर मोर्चा संभाले रहे। एक के बाद एक अगलगी की घटनाओं के कारण दमकलकर्मियों को पूरी रात दौड़ लगानी पड़ी।
अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से कई स्थानों पर आग को आसपास के घरों और प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोका जा सका। दीपावली पर हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर आतिशबाजी के साथ-साथ दीप जलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।












