Advertisement

जजुआर में एक ही रात आठ घरों में चोरी का पर्दाफाश, गिरोह का सरगना समेत दो गिरफ्तार

-जजुआर में एक ही रात आठ घरों में चोरी का पर्दाफाश, गिरोह का सरगना समेत दो गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। जजुआर ओपी थाना क्षेत्र में एक ही रात आठ घरों में हुई भीषण चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर डीएसपी ईस्ट-1 अलय वत्स के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना सोनू कुमार और उसके सहयोगी करण कुमार को गिरफ्तार किया है। चोरी की घटनाओं में शामिल दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी के गहने और अन्य सामान बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में गिरोह के काम करने के तरीके का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना सोनू कुमार चोरी की वारदात से पहले नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल करता था। बच्चों से गांव में बंद और पहले से चिन्हित घरों की रेकी कराई जाती थी। घरों की पूरी जानकारी मिलने के बाद सोनू अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।


एक ही रात आठ घरों में चोरी की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले में जजुआर ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। डीएसपी ईस्ट-1 के नेतृत्व में गठित विशेष टीम में जजुआर ओपी अध्यक्ष रौशन मिश्रा भी शामिल थे। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर 26 अगस्त को सबसे पहले चोरी की घटना में संलिप्त विधि-विरुद्ध बालकों को चिन्हित कर निरुद्ध किया।
बालकों से पूछताछ के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू कुमार और उसके सहयोगी करण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, सोनू कुमार के खिलाफ मुजफ्फरपुर के विभिन्न थानों के अलावा अन्य जिलों में भी गृहभेदन के कई मामले पहले से दर्ज हैं।
डीएसपी ईस्ट-1 अलय वत्स ने बताया कि गिरोह के सरगना और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी निशानदेही पर चोरी के गहने समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया गया है। गिरोह से जुड़े अन्य फरार सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।