-छठ से चार दिन पहले तक दुरुस्त होंगी मुजफ्फरपुर की सड़कें, डीएम ने दिए निर्देश
मुजफ्फरपुर। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने सड़कों की मरम्मत की तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि छठ पूजा से चार दिन पहले तक सभी संबंधित सड़कों की स्थिति बेहतर हो जानी चाहिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं और एनएचएआई के परियोजना निदेशकों को निर्देश दिया है कि जिन सड़कों की मरम्मत आवश्यक है, वहां समय रहते काम पूरा कराया जाए। हाल में आई बाढ़ या अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने पर विशेष जोर दिया गया है।

सड़क मरम्मत के लिए गठित होगी टीम:
सड़कों की वर्तमान स्थिति का आकलन करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की पहचान के लिए जिला स्तर पर टीम गठित कर स्थल निरीक्षण कराया जा रहा है। इसके आधार पर संबंधित विभागों को मरम्मत कार्य पूरा करने का निर्देश दिया जाएगा। वहीं, उप विकास आयुक्त को पूरे कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि निर्धारित समय-सीमा में सभी जरूरी कार्य पूरे हो सकें।
लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी:
डीएम कुमार गौरव ने कहा है कि वह स्वयं भी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की सड़कों का औचक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान मरम्मत कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जांच की जाएगी। काम में शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित विभाग के अभियंताओं की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इस वर्ष छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। 13 नवंबर को नहाय-खाय, 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य दिया जाएगा। पर्व के दौरान घाटों तक पहुंचने और अन्य जरूरी कार्यों के लिए सड़कों पर आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन समय रहते तैयारियां पूरी करने में जुटा है।












