Advertisement

चोरी की बड़ी वारदात: घर से लाखों के जेवर, ₹70 हजार नकद और तीन मोबाइल ले उड़े चोर

-चोरी की बड़ी वारदात: घर से लाखों के जेवर, ₹70 हजार नकद और तीन मोबाइल ले उड़े चोर

मुजफ्फरपुर। जिले के करजा थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी पकोही पंचायत के बथना राम गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 70 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन की चोरी कर ली। घटना उस समय हुई, जब परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे।
जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी दीपक कुमार के घर में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोर घुस गए। चोरों ने अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवर, ₹70 हजार नकद और तीन मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।


शनिवार सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्सों के टूटे ताले देखकर परिजनों के होश उड़ गए। जांच करने पर नकदी, आभूषण और मोबाइल गायब मिले, जिसके बाद तत्काल करजा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही करजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली तथा आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर सुराग जुटाने का प्रयास किया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपितों की पहचान के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।