-गैस कटर से ATM काटकर 3.70 लाख की लूट, CCTV पर स्प्रे कर फरार हुए बदमाश
मुजफ्फरपुर। जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए ATM लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही चौक के समीप स्थित HDFC बैंक के ATM को गैस कटर से काटकर बदमाश करीब 3 लाख 70 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने से पहले अपराधियों ने ATM के अंदर लगे CCTV कैमरे पर स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी पहचान नहीं हो सके। इसके बाद गैस कटर की मदद से ATM मशीन को काटकर उसमें रखी नकदी निकाल ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सदर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ATM के आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को CCTV फुटेज में तीन संदिग्ध बदमाश नजर आए हैं। उनकी पहचान करने और गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की तैयारी कर रही है।

सदर थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस का दावा है कि इस मामले में जल्द ही सफलता मिलेगी।











