Advertisement

गायघाट के जारंग हाई स्कूल में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर भव्य आयोजन, BDO और प्रखंड प्रमुख ने किया उद्घाटन

-गायघाट के जारंग हाई स्कूल में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर भव्य आयोजन, BDO और प्रखंड प्रमुख ने किया उद्घाटन

दीपक कुमार/गायघाट। मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत जारंग हाई स्कूल में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी आलोक कुमार सिंह एवं प्रखंड प्रमुख श्रवण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। विद्यालय के मुख्य द्वार पर भारत माता और वंदे मातरम के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के विशाल चित्रों वाले बैनर लगाए गए थे। वहीं, परिसर में स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरें और ‘वंदे मातरम अमर रहे’ के नारों ने देशभक्ति का माहौल बना दिया।


कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान वक्ताओं ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के ऐतिहासिक महत्व, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका तथा देश की एकता और अखंडता में इसके योगदान पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्रीय एकता के महत्व को समझने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के उत्साह से गुंजायमान रहा।