-बास्केटबॉल टीम में महिला अधिकारी की नियुक्ति नहीं होने पर भड़का आक्रोश
-खिलाड़ियों ने डीएम से लगाई गुहार
-अनुभवहीन शिक्षक को टीम अधिकारी बनाए जाने पर उठे सवाल -महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर सौंपा ज्ञापन
मुजफ्फरपुर। तिरहुत प्रमंडल की बास्केटबॉल टीम के साथ महिला अधिकारी की नियुक्ति नहीं किए जाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। विभाग के इस फैसले से खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों में नाराजगी है। विरोध जताते हुए बड़ी संख्या में खिलाड़ी और अभिभावक समाहरणालय पहुंचे और जिलाधिकारी से मिलकर अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर योग्य महिला अधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
खिलाड़ियों और अभिभावकों का आरोप है कि बास्केटबॉल टीम के साथ जिस शिक्षक को अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है, उन्हें इस खेल की तकनीकी जानकारी और विशेष अनुभव नहीं है। उनका कहना है कि बास्केटबॉल जैसे तकनीकी खेल में अनुभवी अधिकारी का होना जरूरी है, ताकि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को उचित मार्गदर्शन मिल सके और टीम का प्रदर्शन प्रभावित न हो।

विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों ने टीम के साथ महिला अधिकारी की नियुक्ति को जरूरी बताया। उनका कहना है कि प्रतियोगिता के दौरान यात्रा, ठहराव, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर महिला अधिकारी की मौजूदगी से उन्हें सहजता और सुरक्षा का भरोसा मिलेगा। अभिभावकों ने भी बच्चों के खेल भविष्य और प्रदर्शन से किसी तरह का समझौता नहीं करने की मांग उठाई।
ज्ञापन के माध्यम से खिलाड़ियों ने प्रशासन से योग्य एवं अनुभवी महिला खेल अधिकारी को टीम के साथ भेजने की मांग की। उनका कहना है कि उचित व्यवस्था नहीं होने से खिलाड़ियों का मनोबल भी प्रभावित हो रहा है।
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों और अभिभावकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और उचित समाधान निकालने का भरोसा दिया। अब खिलाड़ियों की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।










