-सजने लगा सोनपुर मेला, प्रमुख धामों के साथ श्रद्धालु करेंगे स्वर्ग लोक की भी सैर
-मुख्य पंडाल के साथ अयोध्या, रामेश्वरम की तर्ज पर मंदिर निर्माण तेज
-घोड़ा बाजार भी गुलजार
पटना/सोनपुर। ललितेश्वर प्रसाद सिंह। विश्व भर में प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र के सोनपुर मेला को विराट और ऐतिहासिक रूप देने की तैयारी जोरों पर है।मेले में इस बार अयोध्या के श्रीराम मंदिर के साथ ही दक्षिण भारत के प्रसिद्ध रामेश्वरम मंदिर की शक्ल में मंदिर निर्माण तेज गति से चल रहा है। रामेश्वरम धाम की तर्ज पर विशेष शिवलिंग की स्थापना की जा रही है।इसके साथ ही स्वर्ग लोक की जीवंत झांकी भी दिखेगी। करीब 38 हजार वर्ग फीट में बन रहा आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज भी खास आकर्षण होगा।


इसमें 35 अत्याधुनिक स्टॉल, वीआईपी लाउंज के साथ मीडिया सेंटर भी होंगे।यहां देश विदेश के कलाकार अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे। मुख्य पंडाल का निर्माण भी अंतिम रूप में है।यहां छह थीम पर आधारित भव्य प्रवेश द्वार बन रहा है।
आगामी 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक लगनेवाले सोनपुर मेला में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी लोगों को मनोरंजन के साथ अध्यात्म की दुनिया की सैर कराएंगे। कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से लोकगीत, लोकनृत्य, सूफी संगीत कव्वाली आदि की प्रस्तुति होगी। वहीं 17 से 23 दिसंबर तक पुस्तक मेला भी लगेगा। आध्यात्मिक कार्यक्रमों में भागवत कथा, रामलीला के साथ ही प्रतिदिन गंगा आरती भी की जाएगी।












