-पद्मश्री डॉ. मृदुला सिन्हा की छठी पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
मुजफ्फरपुर। गोवा की पूर्व राज्यपाल एवं पद्मश्री से सम्मानित डॉ. मृदुला सिन्हा की छठी पुण्यतिथि पर आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में शामिल होकर नगर विधायक एवं महापौर निर्मला देवी साहू ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने डॉ. मृदुला सिन्हा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर निर्मला देवी साहू ने कहा कि डॉ. मृदुला सिन्हा केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि एक विचार, संस्कार और प्रेरणा की प्रतीक थीं। साहित्य, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि गोवा की पूर्व राज्यपाल होने के साथ-साथ डॉ. मृदुला सिन्हा एक प्रतिष्ठित लेखिका और संवेदनशील सामाजिक व्यक्तित्व भी थीं। उनका सादा जीवन, उच्च विचार और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि डॉ. मृदुला सिन्हा के विचार और आदर्श समाज को सदैव नई दिशा देते रहेंगे।












