-गणेशोत्सव सेवा परिवार ने विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंदों को कराया निःशुल्क भोजन
मुजफ्फरपुर। सामाजिक सेवा के उद्देश्य से गणेशोत्सव सेवा परिवार, मुजफ्फरपुर की ओर से शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर जरूरतमंद लोगों के बीच निःशुल्क भोजन वितरण किया गया। इस सेवा कार्य की लोगों ने सराहना करते हुए संस्था के प्रयास की प्रशंसा की।
संस्था द्वारा देवी मंदिर, कल्याणी, स्टेशन रोड, बस स्टैंड, टावर चौक एवं गरीब स्थान मंदिर परिसर में आने-जाने वाले जरूरतमंद, श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने इस सेवा का लाभ उठाया।

गणेशोत्सव सेवा परिवार के अध्यक्ष राकेश रंजन ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जनहित और समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव सेवा परिवार केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए मानव सेवा के विभिन्न कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। संस्था की पूरी टीम समाजहित में ऐसे सेवा कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।











