-एक ही विद्यालय में छठी बार चोरी, पुलिस ने जताई संलिप्तता की आशंका
राजापाकर। संजय श्रीवास्तव। बरांटी थाना क्षेत्र के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, डीहवारनी स्थान में चोरों ने एक बार फिर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। एक ही विद्यालय में लगातार चोरी की यह छठी घटना बताई जा रही है। इससे विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों में चिंता के साथ पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है।
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, इससे पहले 17, 18 और 19 अगस्त को लगातार तीन दिनों तक विद्यालय में चोरी हुई थी। चोर विद्यालय में लगे 16 पंखे, एमडीएम के बर्तन सहित कार्यालय में रखे अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। इस मामले में बरांटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
इसके बावजूद 24 अगस्त की रात चोरों ने फिर विद्यालय को निशाना बनाया। कार्यालय कक्ष की घुंडी काटकर चोर अंदर दाखिल हुए और एक पंखा, विद्यालय की घंटी, कुर्सी पर रखा तौलिया तथा खिड़की में लगा पर्दा चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय अध्यक्ष ममता राय, अशोक पासवान, अनिल पासवान, नागदेव साह, सुभाष पटेल, मनोज कुमार पासवान सहित कई ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद 25 और 26 अगस्त की रात भी चोरों ने विद्यालय में चोरी की। इस बार विद्युत संचारण के लिए की गई वायरिंग का पाइप तोड़कर उसमें लगे सभी तार तथा छात्रों के खेल का सामान चोरी कर लिया गया। लगातार हो रही चोरी से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रिया कुमारी ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के लिए उन्होंने बरांटी थानाध्यक्ष को फोन किया, लेकिन कार्रवाई की जानकारी देने के बजाय उनसे ही सवाल-जवाब किए गए। प्रधानाध्यापिका के अनुसार, थानाध्यक्ष ने कहा कि सिर्फ इसी विद्यालय में चोरी की घटनाएं क्यों हो रही हैं।

वहीं बरांटी थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने बताया कि विद्यालय में पूर्व की चोरी को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद रात में निगरानी के लिए एक चौकीदार को विद्यालय में लगाया गया था, जिससे चोरी की घटनाएं रुक गई थीं। उन्होंने बताया कि सोमवार को कांवरियों की अत्यधिक भीड़ के कारण भीड़ नियंत्रण में सहयोग के लिए चौकीदार को बुला लिया गया था। इसके बाद विद्यालय में दोबारा चोरी की सूचना मिली। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि पूर्व की घटना की जांच के लिए डॉग स्क्वायड को बुलाया गया था, लेकिन अब तक चोर पुलिस की पहुंच से बाहर है। उन्होंने जल्द मामले का उद्भेदन करने का दावा किया।
हालांकि प्रधानाध्यापिका प्रिया कुमारी ने विद्यालय में रात्रि गश्ती या चौकीदार अथवा पुलिसकर्मी के ठहरने की बात से इनकार किया। उनका कहना है कि पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि यदि कोई पुलिसकर्मी या चौकीदार विद्यालय में रात्रि में ठहरने आया होता तो विद्यालय की चाबी उनसे या रसोइया से मांगी जाती।
इधर, लगातार हो रही चोरी को लेकर पूछे जाने पर थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने मामले को संदेह के घेरे में बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बार-बार चोरी की घटनाओं को देखते हुए विद्यालय प्रशासन की संलिप्तता की आशंका भी प्रतीत होती है। उनके अनुसार, यह उच्चस्तरीय जांच का मामला है।
एक ही विद्यालय में लगातार छह बार चोरी की घटना सामने आने के बाद अब विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और पूर्व की प्राथमिकी पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।












