Advertisement

SBI का ATM उखाड़कर ले जाने की कोशिश, स्कॉर्पियो सवार 5 से अधिक अपराधियों ने बोला धावा

-SBI का ATM उखाड़कर ले जाने की कोशिश, स्कॉर्पियो सवार 5 से अधिक अपराधियों ने बोला धावा

-पुलिस की तत्परता से टली बड़ी लूट
-सीसीटीवी कैमरे पर किया ब्लैक स्प्रे
-20 मिनट में उखाड़ी मशीन
-पुलिस को देख छोड़कर भागे बदमाश, तलाश में जुटी कई टीमें

मुजफ्फरपुर।
मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एटीएम लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम बूथ को स्कॉर्पियो सवार पांच से अधिक अपराधियों ने निशाना बनाया। अपराधी एटीएम मशीन को उखाड़कर अपनी गाड़ी में लोड करने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, बैंक के अलार्म सिस्टम से सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर एटीएम लूट की वारदात को नाकाम कर दिया। पुलिस को देखकर अपराधी मशीन छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, अपराधी पूरी तैयारी के साथ देर रात एटीएम बूथ पहुंचे थे। बूथ में प्रवेश करते ही उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे पर ब्लैक स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं हो सकें। इसके बाद करीब 20 मिनट के भीतर एटीएम मशीन उखाड़ ली और उसे स्कॉर्पियो में लोड करने लगे। इसी दौरान बैंक के तकनीकी अलार्म सिस्टम से घटना की जानकारी बैंक प्रबंधन को मिल गई।


बैंक प्रबंधन ने रात करीब 1:20 बजे सदर थानेदार नवलेश कुमार आजाद को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानेदार महज पांच मिनट के भीतर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस को अचानक सामने देखकर अपराधी घबरा गए और एटीएम मशीन छोड़कर स्कॉर्पियो से भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों को रोकने के लिए एक राउंड फायरिंग की। पीछा करने के दौरान डुमरी पुल पर थानेदार की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची। इसके बावजूद अपराधी सकरी रोड की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर नगर डीएसपी-2 दीपक कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। एसबीआई की तकनीकी टीम ने भी मशीन की जांच की। वहीं, पुलिस की तकनीकी सेल और डीआईयू की टीम हाजीपुर के भगवानपुर टोल प्लाजा तक सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
जांच के दौरान तीन अपराधियों की तस्वीरें फुटेज में स्पष्ट रूप से सामने आई हैं। पुलिस फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।