Advertisement

Breaking: पूसा में नल- जल का कार्य दो साल से अधूरा,पेयजल के लिए भटक रहे लोग

-पूसा में नल- जल का कार्य दो साल से अधूरा,पेयजल के लिए भटक रहे लोग

सम्वाददाता।समस्तीपुर।

जिले के पूसा प्रखंड के दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड 15 के महादलित टोला व वार्ड 11 के गोसाईं टोला में करीब 2 वर्ष से नल-जल योजना का काम ठप है। यहाँ पर पीएचडी के माध्यम से कार्य हुआ और अब तक नल जल योजना अधूरी पड़ी हुई है। उक्त दोनों वार्ड में नल जल योजना का कार्य पूर्ण नहीं हुआ और काम रूका हुआ है। दोनों वार्ड को मिलाकर एक सौ से अधिक घर नल का जल पाने से वंचित है। जिससे दोनों वार्ड की बड़ी आबादी के सामने पेयजल की समस्या है। आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव में भाकपा-माले के बैनर तले इंद्रेश दास की अध्यक्षता व भाकपा-माले के प्रखंड सचिव अमित कुमार के पर्यवेक्षण में बैठक की।


बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि प्रखंड के कई वार्डों में नल-जल योजना दम तोड़ती नजर आ रही है। इस योजना मद में सरकार द्वारा लाखों रुपए खर्च कर देने के बाद भी लोगों के घरों तक शुद्ध पानी नहीं पहुंच रहा है। कहीं नल में जल पहुंचा और बंद भी हो गया तो कहीं सिर्फ पाइप ही बिछी है और जल नहीं पहुंच सका है। पदाधिकारियों के द्वारा मनमानी की जाती है। नल जल योजना का कार्य पूर्ण नहीं होने के कारण उक्त वार्ड के लोग पीने के लिए शुद्ध पानी की किल्लत से परेशान हैं। लोगों को अपनी प्यास बुझाने के लिए भटकना पड़ रहा है। पशु पालकों को मवेशी की प्यास बुझाने के लिए भी सोचना पड़ रहा है। यदि 10 दिन के अंदर नल-जल योजना का कार्य चालू नहीं कराया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर भाकपा-माले 11 मार्च को प्रखंड मुख्यालय पर आंदोलन करने को बाध्य होगी। मौके पर माले नेता रविन्द्र सिंह, वार्ड सदस्य दीपक कुमार,सूरज दास,अमरजीत दास,मीना देवी,राज नारायण दास,महेश दास,राम श्रेष्ठ राय आदि मौजूद थे।