Advertisement

कमलेश राय हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले सांसद पप्पू यादव, न्याय दिलाने का दिया भरोसा

-कमलेश राय हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले सांसद पप्पू यादव, न्याय दिलाने का दिया भरोसा

-एसकेएमसीएच अधीक्षक और प्राचार्य से की बात
-पोस्टमार्टम रिपोर्ट की निष्पक्ष जांच के लिए कमेटी गठन की मांग -टोल प्लाजा मैनेजर पर कार्रवाई की उठाई मांग

दीपक कुमार/गायघाट/मुजफ्फरपुर।

जिले के गायघाट प्रखंड के मैठी निवासी कमलेश राय हत्याकांड को लेकर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने एसकेएमसीएच के अधीक्षक और प्राचार्य से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने 12 तारीख को हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एक कमेटी गठित करने की मांग की। सांसद ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।


इसके साथ ही सांसद पप्पू यादव ने टोल प्लाजा के मैनेजर अनूप कुमार सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
परिजनों से मुलाकात के दौरान सांसद ने उनकी पीड़ा सुनी और भरोसा दिलाया कि इस मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक पीड़ित परिवार को सहयोग दिया जाएगा और परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
सांसद के पहुंचने से हत्याकांड का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब पीड़ित परिवार को पुलिसिया जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जुड़े तथ्यों के आधार पर न्याय मिलने की उम्मीद है।