Advertisement

मुजफ्फरपुर में ‘आर्मी’ लिखी कार से 183 लीटर विदेशी शराब बरामद

-मुजफ्फरपुर में ‘आर्मी’ लिखी कार से 183 लीटर विदेशी शराब बरामद

-उत्पाद विभाग ने शीशा तोड़कर खोली गाड़ी

मुजफ्फरपुर।जिले के बेला थाना क्षेत्र के द्वारिकापुरी लेन में उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक सफेद रंग की हुंडई वेन्यू कार से चंडीगढ़ निर्मित 183.780 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग को गुमराह करने के उद्देश्य से कार पर ‘आर्मी’ लिखवा रखा था। जब्त शराब में कुल 1021 पीस टेट्रा पैक और पेट बोतलें शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, फकुली मद्यनिषेध चेकपोस्ट पर तैनात सहायक अवर निरीक्षक राज कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बेला थाना क्षेत्र के द्वारिकापुरी लेन में एक अर्धनिर्मित मकान के पास खड़ी कार में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मद्यनिषेध विभाग और गृह रक्षक जवानों की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।


मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि सफेद रंग की हुंडई वेन्यू कार पूरी तरह लॉक थी। स्थानीय लोग भी गवाही देने से कतरा रहे थे। इसके बाद विभागीय जवानों को साक्षी बनाकर कार का शीशा तोड़ा गया और गेट खोलकर तलाशी ली गई। इस दौरान ड्राइवर सीट के पीछे काले कपड़े से ढककर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
तलाशी में ऑल सीजन गोल्डन कलेक्शन रिजर्व व्हिस्की और ओल्ड हैबिट व्हिस्की ब्रांड की कुल 1021 बोतलें बरामद की गईं। इनकी कुल मात्रा 183.780 लीटर बताई गई है। सभी बोतलों पर ‘फॉर सेल इन यूटी चंडीगढ़ ओनली’ अंकित था। इससे शराब की खेप चंडीगढ़ से बिहार लाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर जब्ती सूची तैयार की और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। इसके बाद शराब और हुंडई वेन्यू कार को उत्पाद थाना लाया गया। मामले में कार के अज्ञात मालिक और अन्य संभावित तस्करों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। विभाग अब वाहन मालिक और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटा है।