-दिल्ली से मुजफ्फरपुर आ रही यात्रियों से भरी बस कुशीनगर में ट्रक से टकराई, बच्ची समेत दो की मौत; 11 घायल
-दीपावली और छठ पर घर लौट रहे थे यात्री -ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
-चार घायलों की हालत गंभीर
कुशीनगर। दिल्ली से मुजफ्फरपुर आ रही यात्रियों से भरी बस शनिवार तड़के उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सड़क हादसे का शिकार हो गई। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लबनिया गांव के पास बस की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन साल की बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए। घायलों में एक बच्ची समेत चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बस चालक आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बस के बाएं हिस्से की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सामने का शीशा टूटकर बिखर गया।

बताया जा रहा है कि आगे बैठे कुछ यात्री शीशा टूटने के बाद सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना के समय बस में सवार कुछ यात्रियों को तमकुहीराज में उतरना था। इस कारण वे अपना सामान लेकर बस के दरवाजे के पास खड़े थे। इसी दौरान दुर्घटना हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने तीन वर्षीय बच्ची और एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि बस में सवार अधिकांश यात्री दिल्ली में काम करते हैं और दीपावली एवं छठ महापर्व मनाने के लिए मुजफ्फरपुर तथा आसपास के इलाकों में अपने घर लौट रहे थे। त्योहार पर परिवार के बीच पहुंचने की उम्मीद लेकर निकले यात्रियों के लिए यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा है, जबकि घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।











