Advertisement

रोगियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता: रघुवीर राय

-रोगियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता: रघुवीर राय

-ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था जल्द होगी शुरू
-अस्पताल परिसर का भी किया जा रहा सौंदर्यीकरण

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। जानकी आई हॉस्पिटल में रोगियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रबंधन की पहली प्राथमिकता है। इसके लिए अस्पताल की व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में पहल की जा रही है। मंगलवार को अस्पताल के अध्यक्ष रघुवीर राय ने अपने कक्ष में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ये बातें कहीं।

अध्यक्ष रघुवीर राय ने बताया कि उनके अध्यक्ष बनने से पहले अस्पताल में शौचालय और पेयजल की व्यवस्था काफी खराब थी। अस्पताल के पीछे की खाली जमीन कचरा फेंकने का स्थान बन गई थी, जहां सूअर और लावारिस कुत्तों का जमावड़ा रहता था। अब वहां से कचरे की सफाई करा दी गई है तथा साइकिल, बाइक और चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए स्टैंड बनाया गया है। शेष जमीन पर फलदार और फूलों के पौधे लगाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जल्द ही अस्पताल में ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू की जाएगी। इससे भारत और नेपाल के मरीज घर बैठे ही अपना पंजीकरण करा सकेंगे और उन्हें लंबी कतारों में लगने की परेशानी से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कुछ आवश्यक मशीनों के अभाव में मरीजों को तिलगंगा और लहान जाना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए अस्पताल में जरूरी उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

राय ने कहा कि अस्पताल में भौतिक आधारभूत संरचना के विकास के लिए भौतिक पूर्वाधार मंत्रालय, जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका, भारत सहित अन्य दातृ राष्ट्रों से भी सहयोग लेने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों को समय पर वेतन उपलब्ध कराने और बिचौलियों पर रोक लगाने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि जानकी आई हॉस्पिटल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जाता है। इनमें लगभग 60 प्रतिशत मरीज भारतीय होते हैं। अत्याधुनिक मशीनों, भारत की तुलना में कम ऑपरेशन शुल्क, गुणवत्तापूर्ण लेंस और कुशल चिकित्सकों की टीम के कारण भारतीय मरीजों का इस अस्पताल के प्रति आकर्षण बना हुआ है।