Advertisement

एमडीडीएम कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

-एमडीडीएम कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

-इमोशन अंताक्षरी और नुक्कड़ नाटक के जरिए छात्राओं ने दिया मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश

मुजफ्फरपुर, 13 अक्टूबर। एमडीडीएम कॉलेज के सेमिनार हॉल में मंगलवार को मनोविज्ञान विभाग की ओर से मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या प्रो. अलका जायसवाल ने की। इसका उद्देश्य छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना था।

कार्यक्रम का परिचय डॉ. मीनाक्षी कुमारी ने दिया। इस दौरान आयोजित इमोशन अंताक्षरी और नुक्कड़ नाटक में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, भावनाओं को समझने और तनाव से निपटने के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मनोविज्ञान विभाग की प्राध्यापिकाओं प्रो. शकीला अजीम, डॉ. अनुराधा सिंह, डॉ. देवश्रुति घोष और डॉ. प्रिया ने भी सहभागिता निभाई।

समापन सत्र में विभागाध्यक्ष डॉ. निशि कांति ने ध्यान और सजगता अभ्यास का संचालन किया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। जीवन में मन और शरीर के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। नियमित ध्यान और सजगता अभ्यास तनाव कम करने तथा मानसिक शांति बनाए रखने में सहायक हो सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. संगीता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस आयोजन के माध्यम से छात्राओं को तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य के महत्व और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों की सहायता लेने के प्रति जागरूक किया गया।