Advertisement

मोतिहारी में एक कैदी समेत 6 लोगों की हुई मौत

-मोतिहारी में एक कैदी समेत 6 लोगों की हुई मौत

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

बिहार के पूर्वी चंपारण जिला में एक महिला और केंद्रीय कारा के एक बंदी सहित 6 लोगों की मौत हो गयी है। इनमें से 3 की मौत विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं और 2 की मौत डूबने से हुई है।

मोतिहारी केंद्रीय कारा में हत्या के आरोप में बंद 50 वर्षीय रंजन साह की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल में हो गयी है। रंजन को सोमवार की रात में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। वह ढाका थाना क्षेत्र के रामचन्द्र टोला का निवासी था। फ़िलवक्त मुखाग्नि देने के संकट से परिवार की महिलाएं जूझ रही हैं। कारण की रंजन के साथ उसके दोनों भाई कंचन साह और सुधीर साह एवं इकलौता पुत्र मिथुन साह भी हत्या के उसी आरोप में जेल में बंद हैं, जिनके पेरॉल पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। रंजन के भाई की पत्नी अनिता देवी ने से बात करते हुए जेल प्रशासन पर इलाज के अभाव में मौत होने का आरोप लगाया है।

दूसरी तरफ तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला सहित 3 लोगों की मौत हो गयी है। राजेपुर के रानीपट्टी निवासी 23 वर्षीय कुर्जी कुमारी, अपने पिता रामएकबाल साह के साथ मोटरसाइकिल से परीक्षा देने जा रही थी। इस दौरान अन्य वाहन की ठोकर से उसकी मौत हो गयी।

केसरिया थाना क्षेत्र के दुबौलिया रामगढ़वा निवासी 76 वर्षीय कपिल राम की मौत भी सड़क दुर्घटना में हो गयी है। तीसरी सड़क दुर्घटना छतौनी थाना क्षेत्र में हुई है। मकड़ी महुआवा निवासी चन्द्र राय के 45 वर्षीय पुत्र किरानी राय की मौत सड़क दुर्घटना में हो गयी है।

दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 2 मासूम बच्चों की डूबकर मौत हो गयी है। गोविंदगंज थाना क्षेत्र के जितवारपुर गांव में रामाश्रय सहनी के 13 वर्षीय पुत्र धनन्जय कुमार की मौत पानी में डूबकर हो गयी है। दूसरी तरफ कुण्डवा चैनपुर थाना क्षेत्र के हरदिया ग्रामवासी सुभाष कुमार के 2 वर्षीय पुत्र गोलू की मौत पानी में डूबने से हो गयी है।

एक अन्य घटनाक्रम में कोटवा थाना क्षेत्र गढ़वा खजुरिया गांव से पानी भरे हुए गड्ढे से दो दिनों से लापता 26 वर्षीय युवक का सडा-गला शव बरामद किया गया है। ऐसी स्थिति में एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर पोस्टमार्टम के लिए भेज गया है। उसकी पहचान मोहम्मद जुल्फिकार के पुत्र जमालुद्दीन उर्फ अंगूर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार जमालुद्दीन रविवार शाम अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने हत्या कर शव को पानी में फेंकने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।