-मुशहरी में महिलाओं के खाद्य उत्पादों के प्रचार के लिए विशेष अभियान शुरू
-13 अक्टूबर से 8 नवंबर तक चलेगा जनजागरूकता अभियान, किफायती कीमत पर मिलेंगे पोषणयुक्त खाद्य पदार्थ
मुजफ्फरपुर। जिले के मुशहरी प्रखंड में महिलाओं के नेतृत्व में विकसित खाद्य ब्रांड पोषटारा के प्रचार-प्रसार के लिए 13 अक्टूबर से 8 नवंबर 2026 तक विशेष विज्ञापन एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। संगम स्वयं सहायता समूह संकुल स्तरीय संघ की महिलाओं की इस पहल को ग्लोबल एलायंस फॉर इंप्रूव्ड न्यूट्रिशन, निदान और जीविका बिहार के संयुक्त प्रयास से विकसित किया गया है। अभियान के तहत प्रचार वाहन के माध्यम से स्थानीय लोगों को उत्पादों की जानकारी दी जाएगी।
इस अभियान का उद्देश्य स्थानीय समुदायों तक उत्पादों की जानकारी पहुंचाना, ब्रांड की पहचान बढ़ाना और महिला स्वयं सहायता समूहों के उद्यमों को बाजार से जोड़ना है। इसके माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर विकसित करने के साथ आम लोगों तक किफायती और पोषणयुक्त खाद्य उत्पाद पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

अभियान के दौरान दो प्रमुख उत्पादों का प्रचार किया जाएगा। इनमें पहला है बाइटराइट, जो मड़ुआ, बाजरा, मूंगफली और छुआरा से तैयार 30 ग्राम का पौष्टिक स्नैक बार है। इसकी कीमत 10 रुपये रखी गई है। इसमें लौह तत्व, फोलिक एसिड और विटामिन बी-12 मिलाए गए हैं। इसे बनाने में रासायनिक परिरक्षकों, अतिरिक्त पदार्थों और अतिरिक्त परिष्कृत चीनी का इस्तेमाल नहीं किया गया है।
दूसरा उत्पाद गपशप है, जो भुना हुआ कुरकुरा भुजा है। यह 20 ग्राम का पैकेट पांच रुपये और 40 ग्राम का पैकेट 10 रुपये में उपलब्ध है। इसमें भी लौह तत्व, फोलिक एसिड और विटामिन बी-12 मिलाए गए हैं। इसे तेल में गहरे तलने के बजाय भूनकर तैयार किया जाता है। इसमें हानिकारक रसायनों और अतिरिक्त पदार्थों का इस्तेमाल नहीं किया गया है।
यह पहल महिलाओं को केवल आजीविका गतिविधियों तक सीमित न रखकर खाद्य प्रसंस्करण, उत्पाद निर्माण, ब्रांड पहचान और विपणन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने के अवसर मिलने के साथ स्थानीय बाजार में किफायती और पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है।












