-दिवंगत शिवचंद्र सिंह की याद में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
-एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) नेताओं ने उनके संघर्षों और जन आंदोलनों में योगदान को किया याद
मुजफ्फरपुर। एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के जिला कमिटी के पूर्व सदस्य दिवंगत शिवचंद्र सिंह की स्मृति में मंगलवार को मोतीझील स्थित पार्टी सभागार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके संघर्षपूर्ण जीवन और जन आंदोलनों में योगदान को याद किया।
सभा को संबोधित करते हुए एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के बिहार राज्य सचिव एवं केंद्रीय कमिटी सदस्य अरुण कुमार सिंह ने कहा कि शिवचंद्र सिंह छात्र जीवन में ही कामरेड शिवदास घोष के विचारों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए थे। यह वर्ष 1974 का समय था, जब पूरे देश में आंदोलन चल रहे थे। शिवचंद्र सिंह ने भी कामरेड शिवदास घोष के विचारों से प्रेरित होकर आंदोलन में भाग लिया और कई बार जेल गए।

उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर जिले में छात्र संगठन एआईडीएसओ के निर्माण में शिवचंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे पार्टी के नेतृत्व में आयोजित जन आंदोलनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और उन्हें सफल बनाने के लिए पूरा प्रयास करते थे।
श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) की मुजफ्फरपुर जिला कमिटी (नगर) के सचिव अमन कुमार झा ने की। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल राज्य सचिवमंडल के सदस्य सुब्रत गौरी, बिहार राज्य कमिटी की सदस्य साधना मिश्रा, अर्जुन कुमार, लालबाबू महतो, नरेश राम, लालबाबू राय, शशिभूषण चौधरी, लालबाबू सहनी, रवि कुमार, काशीनाथ सहनी, अरविंद कुमार, माधव भक्त, विपिन कुमार ठाकुर और कुमोद राम सहित अन्य लोगों ने दिवंगत शिवचंद्र सिंह की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।












