-देउवा के नेतृत्व वाली नेपाली कांग्रेस ही असली पार्टी है: बिमलेंद्र निधि
-विशेष महाधिवेशन के जरिए पार्टी को बांटने का लगाया आरोप, कार्यकर्ताओं से स्थानीय चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बिमलेंद्र निधि ने कहा है कि शेर बहादुर देउवा के नेतृत्व वाली नेपाली कांग्रेस ही असली पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष महाधिवेशन का इस्तेमाल पार्टी को विभाजित करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मौजूदा विवाद को लेकर भ्रमित नहीं होने तथा संगठन को मजबूत बनाने में जुटने की अपील की।
नेपाली कांग्रेस के दूसरे गुट की ओर से आयोजित जनकपुरधाम नगर सभा को संबोधित करते हुए निधि ने दावा किया कि विशेष महाधिवेशन के आयोजन के बाद से ही पार्टी व्यावहारिक रूप से दो हिस्सों में बंट गई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पार्टी विभाजन से संबंधित कानूनी प्रक्रिया अभी लंबित है। ऐसे में नेताओं और कार्यकर्ताओं को किसी भी तरह के भ्रम में नहीं पड़ना चाहिए।

निधि ने गगन थापा, विश्वप्रकाश शर्मा समेत अन्य नेताओं पर पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना विशेष महाधिवेशन आयोजित करने का आरोप लगाया। उनके अनुसार, विशेष महाधिवेशन बुलाने का निर्णय पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति को लेना चाहिए था, लेकिन कुछ नेताओं ने खुद ही इसकी घोषणा कर दी। उन्होंने इसे पार्टी की स्थापित प्रक्रिया का उल्लंघन बताते हुए विशेष महाधिवेशन की वैधता पर सवाल उठाए।
उन्होंने विशेष महाधिवेशन का समर्थन करने वाले नेताओं पर नेपाली कांग्रेस को वार्ड स्तर तक विभाजित करने का आरोप लगाया। निधि ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में भी कार्यकर्ताओं को निराश होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी इस विवाद से उबरकर पहले से अधिक मजबूत बनेगी।
निधि ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से आगामी स्थानीय चुनावों की तैयारी अभी से शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को वार्ड स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने की जरूरत है, ताकि चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।
उनका यह बयान नेपाली कांग्रेस के भीतर विशेष महाधिवेशन की कानूनी वैधता और इसके कारण नेतृत्व को लेकर उत्पन्न विवाद के बीच आया है। पार्टी के भीतर इस मुद्दे पर जारी खींचतान से संगठन की एकता और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।












