-दुर्गा पूजा को लेकर गायघाट थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील
दीपक कुमार/गायघाट।
दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को गायघाट थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने की। इसमें पुलिस पदाधिकारियों के अलावा पूजा समितियों के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, जुलूस के संचालन और प्रतिमा विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। थानाध्यक्ष ने पूजा समितियों से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पूजा के दौरान आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। अफवाह फैलाने, सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक सूचना प्रसारित करने अथवा शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूजा समितियों से किसी भी तरह की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। बैठक में शांतिपूर्ण पूजा आयोजन को लेकर सभी लोगों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।












