-दुर्गापूजा को लेकर बेनीबाद थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
दीपक कुमार/गायघाट।दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को बेनीबाद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने की। इसमें पुलिस पदाधिकारियों के अलावा पूजा समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस निकालने और प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने समेत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने पूजा समितियों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि पर्व के दौरान शांति भंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।












