Advertisement

बिना हेलमेट बाइक रैली में शामिल हुए चिरैया विधायक, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की मांग

-बिना हेलमेट बाइक रैली में शामिल हुए चिरैया विधायक, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की मांग

मोतिहारी/राजन द्विवेदी। पूर्वी चंपारण के चिरैया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक बिना हेलमेट बाइक रैली में शामिल होते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो को लेकर यातायात नियमों के पालन और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष की राष्ट्रसेवा के उपलक्ष्य में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के प्रचार-प्रसार के लिए बाइक रैली निकाली गई थी। रैली में विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए थे। आरोप है कि रैली के दौरान कई बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।


वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने यातायात नियमों के समान रूप से पालन कराने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि आम वाहन चालकों के बिना हेलमेट बाइक चलाने पर चालान किया जाता है, ऐसे में जनप्रतिनिधियों और उनके समर्थकों पर भी नियमों के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल वायरल वीडियो के संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है। लोगों की नजर अब पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात की कार्रवाई पर है। हाल ही में उत्तर प्रदेश के कानपुर में भी बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले एक विधायक का चालान किए जाने की खबर सामने आई है।