-महिंद्रा वेयरहाउस में इलेक्ट्रिशियन की संदिग्ध मौत, एनएच-27 तीन घंटे जाम
मुजफ्फरपुर। कांटी थाना क्षेत्र के सदातपुर निवासी इलेक्ट्रिशियन पंकज कुमार की महिंद्रा कंपनी के स्पेयर पार्ट्स वेयरहाउस में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गुरुवार को परिजनों ने एनएच-27 पर लसगरीपुर पंचायत भवन के समीप शव रखकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से दरभंगा, मोतिहारी और हाजीपुर की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

मृतक के बड़े भाई विजय कुमार ने बताया कि पंकज परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था। उसकी कमाई से बुजुर्ग माता-पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों का भरण-पोषण होता था।
सूचना पर पहुंचे कांटी विधायक एवं पूर्व मंत्री इंजीनियर अजीत कुमार ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उनके समझाने पर जाम समाप्त हुआ। विधायक ने पुलिस अधिकारियों को जल्द कार्रवाई का निर्देश दिया।
एसडीपीओ पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। जांच के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।












