Advertisement

चंडीगढ़ में अखिल भारतीय महापौर सम्मेलन, शहरों के समग्र विकास पर हुआ मंथन

-चंडीगढ़ में अखिल भारतीय महापौर सम्मेलन, शहरों के समग्र विकास पर हुआ मंथन

मुजफ्फरपुर। चंडीगढ़ में आयोजित अखिल भारतीय महापौर सम्मेलन 2026 में देशभर से आए महापौरों के साथ मुजफ्फरपुर की महापौर निर्मला देवी साहू ने भी सहभागिता की। सम्मेलन में नगरीय विकास, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, आधुनिक शहरों की आवश्यकताओं और शहरों के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।


कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। सम्मेलन की मेजबानी चंडीगढ़ के महापौर सौरव जोशी ने की। देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे महापौरों ने अपने-अपने शहरों में किए जा रहे विकास कार्यों, नवाचारों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े अनुभव साझा किए।
सम्मेलन के दौरान स्वच्छ और आधुनिक शहरों के निर्माण, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा बदलती शहरी जरूरतों के अनुरूप विकास की योजनाओं पर विशेष चर्चा हुई। महापौरों ने शहरों की समस्याओं के समाधान और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर भी अपने सुझाव रखे।
महापौर निर्मला देवी साहू ने कहा कि देशभर के महापौरों का एक मंच पर जुटना नगरीय विकास के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों में अनुभव और सुझावों के आदान-प्रदान से शहरों के विकास के लिए नई संभावनाएं सामने आती हैं तथा बेहतर कार्ययोजनाएं तैयार करने में मदद मिलती है।