-स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी कोच में सांप जैसा जीव दिखने से मची दहशत, मुजफ्फरपुर में बदला गया कोच
मुजफ्फरपुर। मधुबनी के जयनगर से दिल्ली जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के सेकंड एसी कोच में शनिवार को सांप जैसा जीव दिखाई देने से यात्रियों में दहशत फैल गई। यात्रियों ने इसकी सूचना तत्काल टीटीई और रेलवे कर्मचारियों को दी। दरभंगा में कोच की जांच की गई, लेकिन सांप नहीं मिला। इसके बाद ट्रेन के मुजफ्फरपुर पहुंचने पर रेलवे ने एहतियात के तौर पर ए2 कोच को ट्रेन से अलग कर उसकी जगह दूसरी बोगी जोड़ दी।
यात्री अरुण ठाकुर के अनुसार, वह परिवार के साथ ट्रेन नंबर 12561 से यात्रा कर रहे थे। जयनगर से ट्रेन खुलने के बाद दरभंगा पहुंचने से पहले ए2 कोच में सीट के ऊपर पैनल के पास सांप जैसा जीव दिखाई दिया। इसे देखते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर रेलवे कर्मचारियों ने दरभंगा में संबंधित पैनल खोलकर जांच की, लेकिन वहां कोई सांप नहीं मिला।

इसके बावजूद यात्रियों में भय बना रहा। रात करीब साढ़े नौ बजे ट्रेन मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची, जहां रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने ए2 कोच को खाली कराकर दोबारा जांच की। सांप नहीं मिलने के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने कोच को ट्रेन से अलग करने का निर्णय लिया।
कोच बदलने की प्रक्रिया के कारण ट्रेन करीब एक घंटे की देरी से रात लगभग 11 बजे मुजफ्फरपुर से आगे रवाना हुई। कोच बदले जाने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। रेलवे कर्मचारियों के अनुसार, संभावना है कि जीव पैनल के अंदर किसी छेद से बाहर निकल गया हो, जिसके कारण बाद की जांच में वह नहीं मिला।
यात्री ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और रेलवे की ओर से ट्रेन में सांप होने की आधिकारिक पुष्टि भी सामने नहीं आई है।













