-दवाइयों के कार्टन के पीछे छिपी थी शराब की खेप, कंटेनर से 250 कार्टन बरामद
मुजफ्फरपुर। जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के एक शातिर तरीके का खुलासा करते हुए हरियाणा नंबर के एक विशाल कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। शराब की खेप को सुई और दवाइयों के कार्टन के पीछे छिपाकर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई अहियापुर थाना क्षेत्र के संगम घाट के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर के कंटेनर से शराब की बड़ी खेप मुजफ्फरपुर के रास्ते ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने नाकेबंदी कर कंटेनर को रोका। तलाशी के दौरान शुरुआत में कंटेनर में सुई और दवाइयों के कार्टन ही नजर आए। चालक ने भी बताया कि कंटेनर में केवल दवाइयां हैं, जिन्हें दरभंगा पहुंचाया जाना है।

शक होने पर उत्पाद विभाग की टीम ने दवाइयों के कार्टन हटाकर गहन जांच की। इसके बाद बीच में छिपाकर रखे गए करीब 250 कार्टन अवैध शराब बरामद हुए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कंटेनर के अंदर शराब को छिपाने के लिए लोहे का विशेष फ्रेम तैयार कराया गया था। शराब की खेप को बीच में रखकर उसके चारों ओर और ऊपर दवाइयों के कार्टन लगाए गए थे, ताकि चेकपोस्ट पर लगे हैंड स्कैनर से शराब की खेप का पता नहीं चल सके।
मौके से उत्पाद विभाग ने राजस्थान के बाड़मेर निवासी कंटेनर चालक अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दरभंगा के एक दवा विक्रेता से संबंधित पता और दस्तावेज भी मिले हैं। इसके आधार पर जांच टीम अब संबंधित दवा विक्रेता के साथ-साथ शराब तस्करी के पूरे सिंडिकेट और इसके मुख्य सरगना की पहचान में जुटी है।
गिरफ्तार चालक के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।












