-आथर घाट के पास बूढ़ी गंडक में मिला अज्ञात महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
मुजफ्फरपुर। मुसहरी थाना क्षेत्र के आथर गांव के समीप रविवार सुबह बूढ़ी गंडक नदी में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव आथर घाट पुल से करीब 400 मीटर आगे नदी के पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया था। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला का शव हरे रंग के कपड़े में लिपटा हुआ था। मृतका की उम्र, नाम और पता सहित पहचान से जुड़ी कोई पुख्ता जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी से संबंधित जानकारी जुटाकर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
महिला की मौत नदी में डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस हादसा और आपराधिक घटना, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मुसहरी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान कराने और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।












