Advertisement

एडमिट कार्ड नहीं मिलने पर छात्राओं का हंगामा, मिठनपुरा-पानी टंकी रोड जाम

-एडमिट कार्ड नहीं मिलने पर छात्राओं का हंगामा, मिठनपुरा-पानी टंकी रोड जाम

मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) की ओर से पांच अक्टूबर से आयोजित होने वाली स्नातक सत्र 2024-28 के पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा से ठीक पहले शनिवार को एमडीडीएम कॉलेज की छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। एडमिट कार्ड नहीं मिलने से आक्रोशित सैकड़ों छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य द्वार के समीप मिठनपुरा-पानी टंकी चौक जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया। छात्राएं सड़क पर बैठकर विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करती रहीं।

सड़क जाम होने से मिठनपुरा-पानी टंकी मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों तथा वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्राओं को समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास किया।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि सोमवार से पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा शुरू होनी है। रविवार को अवकाश होने के कारण शनिवार ही एडमिट कार्ड लेने का अंतिम मौका था। छात्राओं का कहना है कि वे दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से एडमिट कार्ड लेने कॉलेज पहुंचीं, लेकिन उन्हें एडमिट कार्ड नहीं दिया गया और परिसर से बाहर जाने को कहा गया।

छात्राओं ने कहा कि परीक्षा नजदीक होने के बावजूद एडमिट कार्ड को लेकर स्पष्ट व्यवस्था नहीं की गई है। उनका कहना है कि बिना प्रवेश पत्र के परीक्षा में शामिल होने को लेकर वे असमंजस में हैं। छात्राओं ने मांग की कि एडमिट कार्ड वितरण की तत्काल व्यवस्था की जाए।

फिलहाल पुलिस और कॉलेज प्रशासन छात्राओं से बातचीत कर मामले को शांत कराने तथा यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुटा है। छात्राएं अपनी मांग पूरी होने तक सड़क से हटने को तैयार नहीं हैं।