Advertisement

जनकपुरधाम को साफ, सुरक्षित और पर्यटक मैत्री बनाने की मांग

-जनकपुरधाम को साफ, सुरक्षित और पर्यटक मैत्री बनाने की मांग

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका क्षेत्र में सफाई, स्ट्रीट लाइटिंग, सड़क एवं नाला प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था और पर्यटकों के लिए बेहतर माहौल बनाने को लेकर तत्काल सुधार की मांग की गई है। इस संबंध में जनसरोकार अभियान की ओर से उपमहानगरपालिका के मेयर मनोज कुमार साह को ज्ञापन सौंपा गया।
अभियान के अध्यक्ष जितेंद्र महासेठ और महासचिव कौशल्या कुशवाहा के नेतृत्व में शुक्रवार को प्रतिनिधिमंडल ने मेयर को ज्ञापन दिया। इसमें कहा गया कि धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व रखने वाले जनकपुरधाम की पहचान को बनाए रखने के लिए शहर के बुनियादी प्रबंधन में सुधार जरूरी है।


अभियान ने कहा कि लंबे समय से प्रभावी और नियमित कचरा प्रबंधन नहीं होने के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी हुई है। इससे आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। अध्यक्ष जितेंद्र महासेठ ने कहा कि देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण जनकपुरधाम में नियमित सफाई के साथ दीर्घकालिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लान लागू किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में जानकी मंदिर और उसके आसपास विशेष सफाई व्यवस्था करने की मांग की गई। अभियान ने कहा कि जनकपुरधाम के कुछ क्षेत्रों को सरकार द्वारा संरक्षित क्षेत्र घोषित किए जाने के मद्देनजर वहां की सफाई और प्रबंधन व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे इन क्षेत्रों की गरिमा और ऐतिहासिक महत्व स्पष्ट रूप से दिखाई दे।
इसके अलावा शहर की सड़कों और गलियों में खराब स्ट्रीट लाइट एवं स्ट्रीट लैंप को दुरुस्त करने की भी मांग की गई। अभियान का कहना है कि पर्याप्त रोशनी नहीं होने से रात में लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और चोरी जैसी घटनाओं का जोखिम भी बढ़ सकता है। ज्ञापन में सड़क, नाली और ट्रैफिक प्रबंधन को भी व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया है।