Advertisement

-शराब तस्करी का खुलासा, XUV से 207 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो गिरफ्तार

-शराब तस्करी का खुलासा, XUV से 207 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का सिलसिला जारी है। मुजफ्फरपुर जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से लाई जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक काले रंग की महिंद्रा XUV कार को जब्त करने के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से छपरा और बंगरा पुल के रास्ते साहेबगंज होते हुए पूर्वी चंपारण के केसरिया की ओर एक काली महिंद्रा XUV कार से विदेशी शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग के एएसआई शशिकांत सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने साहिबगंज-केसरिया मार्ग पर अहियापुर गांव के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।


इसी दौरान संदिग्ध काले रंग की XUV को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में छिपाकर रखे गए ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड के 180 एमएल वाले टेट्रा पैक की 24 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई। उत्पाद विभाग के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा 207.360 लीटर है। शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
मामले में कार चालक अमित कुमार, निवासी सीवान, और उसके सहयोगी रोहित कुमार, निवासी पूर्वी चंपारण, को गिरफ्तार किया गया। उत्पाद विभाग ने दोनों के खिलाफ मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।