-‘दबे पांव आइहा नजरिया बचाके’ ने रचा इतिहास, 100 मिलियन व्यूज पार; निरहुआ-काजल की जोड़ी का जलवा
पटना।भोजपुरी सिनेमा के जुबली स्टार दिनेशलाल यादव ‘निरहुआ’ और अभिनेत्री काजल राघवानी की लोकप्रिय जोड़ी ने एक बार फिर दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। फिल्म ‘पटना से पाकिस्तान’ का चर्चित गीत ‘दबे पांव आइहा नजरिया बचाके’ यूट्यूब पर 100 मिलियन यानी 10 करोड़ से अधिक व्यूज का आंकड़ा पार कर चुका है। यह गीत वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया था।
गीत में निरहुआ और काजल राघवानी की रोमांटिक केमिस्ट्री, देसी अंदाज और चुलबुली नोक-झोंक दर्शकों को खूब पसंद आई। लोकप्रिय गायिका कल्पना पटवारी की आवाज ने गीत को खास पहचान दी है। रिलीज के बाद से ही यह गाना भोजपुरी दर्शकों के बीच लगातार लोकप्रिय बना हुआ है।
वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स प्रस्तुत ‘पटना से पाकिस्तान’ के निर्माता अनंजय रघुराज और निर्देशक संतोष मिश्रा हैं। गीत के बोल प्यारे लाल यादव ‘कवि जी’ ने लिखे हैं, जबकि संगीत राजेश-रजनीश ने तैयार किया है। गीत को कल्पना पटवारी ने अपनी आवाज दी है।

वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के एमडी रत्नाकर कुमार ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि निरहुआ और काजल राघवानी की जोड़ी को दर्शकों का लगातार प्यार मिलता रहा है। उन्होंने 100 मिलियन व्यूज पार करने को दर्शकों के स्नेह और भोजपुरी संगीत के प्रति उनकी पसंद का प्रमाण बताया और पूरी टीम को बधाई दी।
वहीं, निरहुआ ने दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि 100 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार करना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। काजल राघवानी ने भी दर्शकों, प्रशंसकों और वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स की टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि गीत को मिले प्यार से पूरी टीम का उत्साह बढ़ा है।
















