Advertisement

अंजना सिंह की ‘पतोहिया हंटरवाली’ समेत तीन भोजपुरी फिल्मों का जल्द होगा डिजिटल प्रीमियर

-अंजना सिंह की ‘पतोहिया हंटरवाली’ समेत तीन भोजपुरी फिल्मों का जल्द होगा डिजिटल प्रीमियर

-दहेज प्रथा के खिलाफ आवाज, रिश्तों की खूबसूरती और महिला सशक्तिकरण की कहानियों से सजेगा अक्टूबर

पटना।भोजपुरी सिनेमा के दर्शकों के लिए अक्टूबर का महीना खास होने जा रहा है। एडवाइज भोजपुरी सिनेमा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जल्द ही तीन भोजपुरी फिल्मों का वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर होने वाला है। इनमें टीआरपी क्वीन अंजना सिंह की ‘पतोहिया हंटरवाली’, ‘मोटकी दुल्हनिया 3’ और ‘नारी’ शामिल हैं। तीनों फिल्मों की कहानियां अलग-अलग विषयों पर आधारित हैं, जिनमें मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश, पारिवारिक रिश्तों और महिला सशक्तिकरण को प्रमुखता दी गई है।

अभिनेत्री अंजना सिंह अभिनीत फिल्म ‘पतोहिया हंटरवाली’ अपने दमदार कथानक और संघर्षशील बहू के किरदार को लेकर चर्चा में है। फिल्म में अंजना सिंह अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वाली बहू की भूमिका में नजर आएंगी। इसकी कहानी महिलाओं के आत्मसम्मान, पारिवारिक परिस्थितियों और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष पर केंद्रित है। फिल्म सामाजिक कुरीतियों और दहेज प्रथा के खिलाफ आवाज बुलंद करने का संदेश देती है।

रेनू विजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता डॉ. संदीप उज्ज्वल और सुशांत उज्ज्वल हैं, जबकि निशांत उज्ज्वल ने इसे प्रस्तुत किया है। फिल्म का निर्देशन रवि सिन्हा ने किया है। इसमें अंजना सिंह के साथ रवि त्रिपाठी, प्रियांशु सिंह, पुष्पेंद्र, सोनिया मिश्रा, अनूप अरोड़ा, धामा वर्मा, गोपाल चौहान और जे नीलम सहित अन्य कलाकार नजर आएंगे। जे नीलम फिल्म में सास की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म के लेखक नन्हे पांडे हैं, जबकि संगीत साजन मिश्रा और भरत चौहान ने तैयार किया है।

वहीं, भोजपुरी फिल्म ‘मोटकी दुल्हनिया 3’ प्यार, भावनाओं और रिश्तों की अहमियत को दर्शाएगी। रविंद्र सिंह निर्मित और रितेश ठाकुर निर्देशित इस फिल्म में नेहा श्री और विक्रांत सिंह राजपूत मुख्य भूमिकाओं में हैं। आर-विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की प्रस्तुति इस फिल्म की कहानी विशाल पांडेय ने लिखी है। फिल्म का मुख्य संदेश है कि इंसान की असली खूबसूरती उसके चेहरे से नहीं, बल्कि उसके दिल, व्यवहार और सच्चाई से पहचानी जाती है। लक्ष्मी की कहानी के माध्यम से प्यार और भावनाओं के महत्व को सामने लाने का प्रयास किया गया है। फिल्म के गीत चंदन बाबू, नवीन श्रीवास्तव और राज बाबर ने लिखे हैं, जबकि सिनेमैटोग्राफी कुणाल जेना ने की है।

तीसरी फिल्म ‘नारी’ महिला शक्ति, साहस और आत्मसम्मान की कहानी को केंद्र में रखती है। विश्वमूर्ति फिल्म्स प्रोडक्शन की इस एक्शन ड्रामा फिल्म में संजना पांडेय और गौरव झा प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा किरण सिंह, निशा तिवारी, रामसुजान सिंह, केके गोस्वामी, मटरू, जय सिंह, सुबोध सेठ, शाइना सिंह, संजय मिश्रा, पिंकी सहाय और प्रदीप महादेव पवार सहित कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म के निर्माता संजय पांडेय और देवेंद्र बंसल हैं। इसका संगीत मुन्ना दुबे ने तैयार किया है, जबकि गीत प्यारेलाल यादव, राजेश मिश्रा और शेखर मधुर ने लिखे हैं। फिल्म में महिलाओं के संघर्ष, विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के साहस और अपने सम्मान के लिए खड़े होने की क्षमता को मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।

एडवाइज भोजपुरी सिनेमा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर इन तीनों फिल्मों के डिजिटल प्रीमियर से दर्शकों को घर बैठे अलग-अलग विषयों पर आधारित कहानियां देखने का अवसर मिलेगा। ‘पतोहिया हंटरवाली’ में अंजना सिंह का दमदार अंदाज, ‘मोटकी दुल्हनिया 3’ में रिश्तों और दिल की खूबसूरती का संदेश तथा ‘नारी’ में महिला सशक्तिकरण की कहानी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है। तीनों फिल्मों के वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर की तारीख और समय की आधिकारिक जानकारी एडवाइज भोजपुरी सिनेमा के यूट्यूब चैनल पर जारी की जाएगी। भोजपुरी फिल्म प्रेमियों को अब इन फिल्मों के डिजिटल प्रीमियर का इंतजार है।